नकली सोने की ईंट बेचकर ठगी करने वाली मेवात गैंग के दो शातिर गिरफ्तार
जयपुर, 08 मई (हि.स.)। कानोता थाना पुलिस ने नकली सोने की ईंट बेचकर लोगों से ठगी करने वाले मेवात क्षेत्र के एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितो को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितो के कब्जे से 500 ग्राम वजनी पीली धातु की नकली सोने की ईंट, दो मोबाइल फोन, दो फर्जी सिम कार्ड तथा वारदात में प्रयुक्त काले रंग की लग्जरी स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है। दोनों आरोपी कई अन्य मामलों में भी वांछित बताए जा रहे हैं। फिलहाल आरोपितो से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि कानोता थाना पुलिस ने नकली सोने की ईंट बेचकर लोगों से ठगी करने वाले मेवात क्षेत्र के एक शातिर बदमाश रासीद उर्फ भूरा (33) पुत्र हारूण निवासी गांव जाज्मका, थाना कैथवाड़ा जिला डीग तथा जाकिर हुसैन (42) पुत्र नूर मोहम्मद निवासी अकबरपुर मेव, थाना सीकरी जिला डीग को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार रासीद उर्फ भूरा के खिलाफ पूर्व में अलवर जिले के नौगांवा थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है और वह जेल भी जा चुका है। पूछताछ में आरोपितो ने बताया कि वे मेवात क्षेत्र के रहने वाले हैं और सीधे-साधे तथा संपन्न लोगों को निशाना बनाकर ठगी करते थे। आरोपी पहले कम कीमत में सोना बेचने का झांसा देते और विश्वास जीतने के लिए असली सोने का छोटा टुकड़ा जांच के लिए देते थे। बाद में सुनसान स्थान पर बुलाकर नकली सोने की ईंट थमा लाखों रुपए लेकर फरार हो जाते थे।
कानोता थानाधिकारी मुनीन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जयंती नगर, आगरा रोड क्षेत्र में स्कॉर्पियो सवार दो व्यक्ति नकली सोने की ईंट बेचकर लोगों को ठगने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त (बस्सी) लक्ष्मी सुथार के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर स्कॉर्पियो सवार दोनों संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से नकली सोने की ईंट बरामद हुई। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई वारदातों की जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई में कानोता थानाधिकारी मुनीन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल गिरधारी लाल, कांस्टेबल राधेश्याम, पीतम सिंह, मुकेश कुमार और प्रकाश की विशेष भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

