मुठभेड़ में दो गोकश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
नोएडा, 23 फ़रवरी (हि.स.)। नाेएडा में थाना रबूपुरा पुलिस ने रविवार देर रात को मुठभेड़ के दौरान शातिर दाे गोकशाें काे गिरफ्तार किया। पुलिस की गाेली से एक बदमाश घायल हाे गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
अपर पुलिस उपायुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि थाना रबूपुरा पुलिस रविवार देर रात को करौली अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक पर सवार होकर दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वे लोग रुकने की बजाए पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाते हुए भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें शामली जनपद निवासी सलमान घायल हाे गया।उसे पकड़ने के बाद पुलिस ने उसके साथी बुलंदशहर निवासी असलम काे गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों के कब्जे से दो तमंचा मय कारतूस, चोरी की एक मोटरसाइकिल तथा गोकशी में उपयोग अन्य सामग्री बरामद की है।
अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इन बदमाशों ने गोकशी करने की कई वारदाताें काे अंजाम देने की बात स्वीकारी है। घायल बदमाश का इलाज कराने के अलावा इनके खिलाफ पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई। ----------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

