home page

एक करोड़ की चरस सहित नेपाल के दो अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार

 | 
एक करोड़ की चरस सहित नेपाल के दो अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार


जयपुर, 12 मई (हि.स.)। राजस्थान एटीएस ने नशे के सौदागरों के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई को अंजाम देते हुए नेपाल के दो कुख्यात तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2 किलो 65 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली चरस बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एटीएस,एजीटीएफ और एएनटीएफ दिनेश एमएन ने बताया कि एटीएस टीम की सोशल मीडिया प्रभारी पुलिस निरीक्षक निशा चांवरिया और अजमेर यूनिट के एएसआई मोहम्मद रफीक और उनकी टीम के कांस्टेबल अब्दुल मजीद व राजेंद्र को इनपुट मिला था कि अंतरराष्ट्रीय तस्कर नेपाल से चरस की बड़ी खेप लेकर पुष्कर में सप्लाई करने आ रहे हैं। इस पर सोशल मीडिया शाखा प्रभारी निशा चॉवरिया और अजमेर एटीएस के एएसआई मोहम्मद रफीक की टीम ने संदिग्धों पर तकनीकी निगरानी रखी और रातभर उनका पीछा किया। साथ ही तस्करों की लोकेशन ट्रैक करते हुए एटीएस ने अजमेर जिला पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया। जैसे ही तस्कर डिलीवरी देने के लिए घूघरा घाटी में एमडीएस यूनिवर्सिटी के पास पहुंचे, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा। पकड़े गए तस्करों की पहचान खेमकुमार (40) निवासी मंगलापुर जिला रूपनदेही, नेपाल और अजय राना (32) निवासी जिला पाल्पा नेपाल के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि वे यह माल नेपाल से लेकर आए थे। उन्होंने पहले दिल्ली में एक खेप डिलीवर की और फिर बाकी माल पुष्कर में सप्लाई करने आए थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पूर्व में भी महाराष्ट्र और देश के अन्य राज्यों में चरस की सप्लाई कर चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश