भारत-नेपाल सीमा पर 73.03 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो नेपाली गिरफ्तार
किशनगंज, 18 सितंबर (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और दिघलबैंक थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस और एसएसबी की टीम ने 73.03 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ से दो लाख रुपये बताई गई है। सहायक कमांडेंट मनोज कुमार के अनुसार, कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। दोनों नेपाली नागरिक पैदल दिघलबैंक बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस और एसएसबी की संयुक्त गश्ती टीम को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया।जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दिघलबैंक स्कूल के समीप सीमा स्तंभ संख्या 134 से करीब 600 मीटर अंदर दोनों को घेरकर पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उनके पास से 73.03 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। जांच में इसकी पहचान ब्राउन शुगर के रूप में हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेपाल के झापा जिला निवासी भरत हेमरम और रघुवीर ताजपुरीया के रूप में की गई है। शुक्रवार को दिघलबैंक थानाध्यक्ष बिपिन कुमार ने बताया कि मामले में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस संभावित तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए संयुक्त गश्त और निगरानी जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

