home page

रवाड़ा गैंग के दो और आरोपित गिरफ्तार, पैदल जुलूस निकालकर पुलिस ने दिया सख्त संदेश

 | 
रवाड़ा गैंग के दो और आरोपित गिरफ्तार, पैदल जुलूस निकालकर पुलिस ने दिया सख्त संदेश


कानपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। बर्रा क्षेत्र में युवकों के साथ मारपीट, अवैध वसूली और दहशत फैलाने के मामले में मंगलवार को बर्रा पुलिस ने रवाड़ा गैंग के दो और फरार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों का शास्त्री चौक से पैदल जुलूस निकाला। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निकाले गए इस जुलूस के दौरान दोनों आरोपित कान पकड़कर और हाथ जोड़कर अपनी गलती स्वीकार करते हुए लोगों से माफी मांगते नजर आए। वे कहते दिखाई दिए, माफ कर दीजिए, अब मारपीट नहीं करेंगे, मम्मी-पापा की बात मानेंगे और मेहनत करके खाएंगे।

इस मामले में अब तक गैंग के चार आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इससे पहले दो आरोपितों को पकड़ा गया था, जबकि मंगलवार को फरार चल रहे दो अन्य आरोपितों को भी दबोच लिया गया। सभी के खिलाफ गैंग बनाकर मारपीट, रंगदारी और दहशत फैलाने के आरोप में कार्रवाई की जा रही है।

जांच में सामने आया कि नौ जून को बर्रा के गुजैनी क्षेत्र में गैंग के सदस्यों ने शराब पार्टी के लिए रुपये मांगे थे। विरोध करने पर युवकों को बेल्ट, जूतों और लात-घूंसों से पीटा गया। इतना ही नहीं, इलाके में अपना दबदबा कायम करने के लिए घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया था। पुलिस का कहना है कि गैंग स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों और युवकों को निशाना बनाकर उनसे वसूली करता था।

डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि मामले में शामिल सभी आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि शहर में गुंडागर्दी, रंगदारी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। मंगलवार को निकाला गया पैदल जुलूस भी इसी कार्रवाई का हिस्सा था, ताकि अपराधियों में कानून का भय और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप