62 किलो चांदी लूटकांड में पश्चिम बंगाल के दो और गिरफ्तार, डस्टर कार जब्त
दरभंगा, 11 नवंबर (हि.स.)। जिले के सिंहवाड़ा क्षेत्र में शोभन-एकमी बाईपास पर दरभंगा एम्स के समीप पश्चिम बंगाल के सराफा व्यवसायियों से हुई 62 किलो चांदी लूटकांड में पुलिस ने पश्चिम बंगाल के दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से पश्चिम बंगाल नंबर की डस्टर कार भी जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपितों में पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दासपुर थाना क्षेत्र के उदयचौक निवासी मैदुल मलिक (39) तथा गरबेता थाना क्षेत्र के अवुसाबंदी निवासी कौशिक पालुई (22) है। सिमरी थाना पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। इनमें दो की संलिप्तता सामने आने पर गिरफ्तार किया गया, जबकि मोहम्मद महफूजुल्लाह मलिक और शिव शंकर मन्ना को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित घटना के दिन डस्टर कार से दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सहरसा, मधुबनी और मधेपुर सहित विभिन्न इलाकों से चांदी एकत्र कर पश्चिम बंगाल लौट रहे थे। दोनों लंबे समय से शिव शंकर मन्ना के लिए काम करते थे। मन्ना की पश्चिम बंगाल के दासपुर थाना क्षेत्र के बैकठपुर में सराफा निर्माण की दुकान है।
पुलिस ने बताया कि जब्त चांदी के संबंध में अब तक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया है। जब्त डस्टर कार का नंबर डब्ल्यूबी08सी8118 है।
विदित हो कि 7 नवंबर की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच शोभन-एकमी बाईपास पर बदमाशों ने पश्चिम बंगाल नंबर की सिल्वर रंग की डस्टर कार को दो बाइक से घेरकर गोलीबारी की थी। इसमें कार चला रहे चालक सह पार्टनर कौशिक के हाथ में गोली लगी थी। इसके बाद बदमाश चांदी के बिस्कुट से भरा बैग और बोरा सहित नकदी लूटकर फरार हो गए थे।
इस मामले में पुलिस ने पूर्व में भाजपा नगर महामंत्री विशाल महासेठ उर्फ विक्की समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इनके पास से 62 किलो 40 ग्राम चांदी के 56 बिस्कुट, 5 लाख 94 हजार 100 रुपये नकद, पांच मोबाइल और दो कार बरामद की गई थीं। पुलिस के अनुसार, लूटकांड की साजिश में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

