चांदनी हत्याकांड में दो और आरोपित गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
कानपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। कैंट थाना क्षेत्र के सत्ती चौरा में चांदनी की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सूचना पर पुलिस टीम ने दोनों को 45 नंबर बंगले के पास घेराबंदी कर पकड़ा। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राहुल निषाद और सुजीत निषाद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सर्विलांस की मदद से दोनों के बारे में जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने शनिवार को उन्हें दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, चांदनी सत्ती चौरा निवासी होटल कर्मी उपेंद्र निषाद की पत्नी थीं। वह घटना के समय मायके में थीं। इसी दौरान उनकी बहन सरोजनी का पति संतोष निषाद अपने भाइयों विनोद और अंशु के साथ पुरानी मारपीट का बदला लेने पहुंचा था। घर पर सरोजनी नहीं मिली तो चांदनी से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि विनोद ने तमंचे से चांदनी के पेट में गोली मार दी। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
मामले में पुलिस पहले संतोष और विनोद को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसके बाद अंशु निषाद को भी गिरफ्तार किया गया था। घटना में शामिल राहुल और सुजीत फरार चल रहे थे। दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बाइक भी बरामद कर ली।
थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई थीं। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए दोनों की पहचान हुई, जिसके बाद घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद दोनों को शाम चार बजे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

