अनूपपुर: पत्रकार के साथ मारपीट कर अवैध उगाही के दो और आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर
अनूपपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को अवैध वसूली और मारपीट के मामले में फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
थाना प्रभारी अरविंद जैन ने बताया कि 17 मार्च की अभिजीत सिंह निवासी अनूपपुर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अनीश पटेल, शिब्बू पटेल, मुकेश पटेल और गंगाराम पटेल ने अवैध उगाही के लिए उनके साथ गुंडागर्दी और मारपीट की। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 119(1), 296बी, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। उसी रात करीब 11:30 बजे पत्रकार अमित कुमार शुक्ला ने भी इन्हीं आरोपियों के खिलाफ अवैध उगाही और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में भी थाना कोतवाली अनूपपुर में समान धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने पूर्व में आरोपी शिब्बू पटेल और मुकेश पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। घटना के बाद से फरार चल रहे शेष आरोपी अनीश पटेल और गंगाराम पटेल ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अनीश पटेल (पिता मस्तराम पटेल, 28 वर्ष, निवासी ग्राम पिपरिया) और गंगाराम पटेल (पिता सीताराम पटेल, 31 वर्ष, निवासी ग्राम दमना) शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन आरोपियों के खिलाफ पूर्व से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज होने के कारण, एसपी ने उनके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई के लिए केस तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

