श्याम नगर डकैती कांड में दो और 25-25 हजार के इनामी दबोचे गए
कानपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में श्याम नगर डकैती कांड में फरार चल रहे दोनों इनामी आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने गुरुवार को पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। घटना में इस्तेमाल ऑटो और लूट का सामान भी बरामद किया गया है।
चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर में दिनदहाड़े हुई डकैती के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो और 25-25 हजार रुपये के इनामी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान विजय कुमार श्रीवास्तव उर्फ लाला और रफीक के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से डकैती में प्रयुक्त ऑटो और लूट का कुछ सामान बरामद किया गया है। इससे पहले इस मामले में तीन अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि तीन अगस्त को श्याम नगर निवासी शरद चंद्र त्रिपाठी के घर में बदमाशों ने दिनदहाड़े धावा बोल दिया था। आरोपितों ने परिवार के लोगों को असलहे के बल पर बंधक बनाकर करीब दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लूट लिया था। पीड़ित की तहरीर पर चकेरी थाने में डकैती समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए चकेरी पुलिस और पूर्वी जोन की सर्विलांस टीम को लगाया गया। जांच के दौरान 100 से भी ज्यादा सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस गिरोह तक पहुंची। जांच में सामने आया कि घटना की साजिश प्रशांत शुक्ला उर्फ मोनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी।
पुलिस इससे पहले प्रशांत शुक्ला उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर चुकी है। शफीक और कमल कुरील पुलिस मुठभेड़ के दौरान लूट के माल के साथ पकड़े गए थे। इसके बाद से विजय कुमार श्रीवास्तव उर्फ लाला और रफीक फरार चल रहे थे। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर चकेरी पुलिस ने पूर्वी जोन की सर्विलांस टीम के सहयोग से पीएसी बाइपास के पास नौबस्ता से रामादेवी जाने वाली सर्विस लेन पर घेराबंदी कर दोनों आरोपितों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से वारदात में प्रयुक्त ऑटो, एक मोबाइल फोन तथा लूटे गए जेवरों में पायल, बिछिया, कड़े और कान के टॉप्स बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार रफीक के खिलाफ हत्या, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं विजय कुमार श्रीवास्तव उर्फ लाला के खिलाफ भी चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

