home page

कुएं से दो लापता युवकों के शव बरामद, हत्या की आशंका

 | 
कुएं से दो लापता युवकों के शव बरामद, हत्या की आशंका


अजमेर, 30 मार्च (हि.स.)। जिले के भिनाय थाना क्षेत्र के जैतपुरा गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कुएं से दो लापता युवकों के शव बरामद किए गए। दोनों युवक 20 मार्च से लापता थे और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे।

थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि गांव के पास स्थित कुएं से तेज बदबू आने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ। इसके बाद आसपास के लोगों ने तलाश शुरू की तो कुएं में दो शव दिखाई दिए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में दोनों शवों को बाहर निकाला गया।

मृतकों की पहचान सुरेंद्र (26) पुत्र पप्पू निवासी सूपा केकड़ी और विष्णु (16) पुत्र रामेश्वर निवासी जैतपुरा के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में जीजा-साला बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक 20 मार्च की शाम बाइक लेकर घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे। इस संबंध में 21 मार्च को गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।

घटनास्थल से दोनों की बाइक भी कुएं में मिली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। चश्मदीदों के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों के साथ पहले मारपीट की गई और बाद में उन्हें कुएं में फेंक दिया गया।

सूचना मिलते ही भिनाय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अजमेर से एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है।

दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिनाय के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और भय का माहौल बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित