बागपत समेत छह जिलों में वांछित दो शातिर नकबजनों पर 50-50 हजार का इनाम
बागपत, 18 अक्टूबर (हि.स.)। बागपत समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में चोरी और नकबजनी के मामलों में वांछित दो आरोपियों पर पुलिस ने 50-50 हजार का ईनाम घोषित किया है। यह ईनाम मेरठ रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने रविवार को दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए घोषित किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र और संजय पुत्रगण इंद्रपाल निवासी वार्ड नंबर-4, आदर्श नगर नट मोहल्ला, न्यू विकास नगर, लोनी, जिला गाजियाबाद के रूप में हुई है। दोनों बागपत जिले के खेकड़ा थाने में दर्ज एक मुकदमे में वांछित चल रहे हैं। मामले में नाम सामने आने के बाद से ही पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड में दोनों आरोपियों के खिलाफ गाजियाबाद के मुरादनगर, मसूरी, कविनगर और लिंक रोड थानों के अलावा मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर, हापुड़ के पिलखुवा और हाफिजपुर तथा शामली जिले के आदर्श मंडी, कांधला, झिंझाना, बाबरी, थानाभवन और गढ़ीपुख्ता थानों में भी विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए जनपदीय पुलिस की संस्तुति पर मेरठ परिक्षेत्र के डीआईजी ने प्रत्येक आरोपी पर 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया। पुलिस अब दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

