home page

एटीएम मशीन से पैसा निकालने गए व्यक्ति से धोखाधड़ी, कार्ड बदलकर दाे लाेगाें ने निकाली रकम

 | 
एटीएम मशीन से पैसा निकालने गए व्यक्ति से धोखाधड़ी, कार्ड बदलकर दाे लाेगाें ने निकाली रकम


नोएडा, 16 मार्च (हि.स.)। एटीएम मशीन से पैसा निकालने गए एक व्यक्ति की मदद करने के बहाने दो बदमाशों ने उनका कार्ड बदल लिया तथा उनके खाते से एक लाख 16 हजार रुपये निकाल लिये। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना बादलपुर के प्रभारी निरीक्षक अमित भड़ाना ने बताया कि सोमवार को मेघराज शर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह फेडरल बैंक के एटीएम से पैसा निकालने गए थे। पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने एटीएम मशीन से पैसा निकालने के लिए कार्ड डाला तो कार्ड मशीन के अंदर फस गया। इसी बीच दो अज्ञात व्यक्ति वहां पर आए। उन्होंने उनकी मदद करने का आश्वासन दिया तथा कार्ड निकालने के लिए कहा, कुछ देर बाद उन्होंने कार्ड निकाल कर उन्हें दे दिया। वह घर चले गए। बाद में उन्हें पता चला कि बदमाशों ने उनके खाते से 1,16,000 रूपये निकाल लिया है। पीड़ित के अनुसार कार्ड निकालते समय बदमाशों ने धोखे से उनका कार्ड बदल लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि बदमाश वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी