कंटेनर और ट्रकों से स्मार्टफोन चोरी करके विदेशों में बेचने वाले गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, डेढ़ करोड़ रुपये कीमत के मोबाइल फोन बरामद
नोएडा, 28 जून (हि.स.)। भारत से कीमती स्मार्टफोन चोरी करके बांग्लादेश और नेपाल बेचने वाले गैंग के दो बदमाशों को आज थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से 316 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं जिनकी कीमत डेढ़ करोड़ रुपये आंंकी गई है। वहीं गैंग के तीन बदमाशों को पुलिस ने कुछ समय पूर्व गिरफ्तार किया था। गैंग का सरगना अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
अपर पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार ने बताया कि थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने रविवार शाम को एक सूचना के आधार पर विजय पुत्र श्याम लाल निवासी ग्राम दादूपुर तथा मिथुन पुत्र टीटू निवासी जनपद बुलंदशहर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने चोरी किए हुए आईक्यू -00 माॅडल के 316 मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयोग होने वाला ऑटो रिक्शा बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस को बताया कि ये कंटेनर और ट्रक चालकों से सेटिंग करके नोएडा से बनकर देश के विभिन्न जगहों पर जाने वाले कीमती मोबाइल फोन चोरी करते हैं। यह लोग कंटेनर और ट्रक के चालकों तथा जहां पर कंटेनर और ट्रक चालक खड़े होते हैं वहां के ढाबा के संचालकों से सेटिंग करके वाहनों से मोबाइल फोन चोरी करते हैं। उसके बाद ये लोग नेपाल और बांग्लादेश सहित विभिन्न देशों में बेच देते हैं। उन्होंने बताया कि इनके गैंग के तीन लोगों को थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने 21 जून को गिरफ्तार किया था। इनके पास से 100 से ज्यादा मोबाइल फोन बरामद हुए थे।
उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली सहित कई प्रांतो में पूर्व में दर्जन भर से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। इस गैंग का सरगना मनोज है, जो कि फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। मनोज ही चोरी के मोबाइल को विदेशों में बेचने का काम करता है। उन्होंने बताया कि यह गैग काफी समय से कंटेनरों से मोबाइल फोन, एलईडी और कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी करने के लिए कुख्यात है। इनका एक संगठित गिरोह है। उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बरामद मोबाइल फोन आरोपियों ने दिल्ली के द्वारिका थाना क्षेत्र से चोरी किया था। उन्होंने बताया करीब 4000 से ज्यादा मोबाइल फोन आरोपियों ने चोरी किया था। दिल्ली पुलिस भी उनकी तलाश में थी। लेकिन नोएडा पुलिस को इन्हें पकड़ने में सफलता मिली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

