फिल्मी अंदाज़ में पुलिस ने दो बदमाशों को किया गिरफ्तार, नकदी और ब्राउन शुगर बरामद
मालदा, 06 अगस्त (हि. स.)। जिले के गाजोल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फिल्मी अंदाज़ में पीछा कर दो बदमाशों को गिरफ्तार किया और उनके पास से भारी मात्रा में नकदी और ब्राउन शुगर बरामद की है। घटना के दौरान भागने की कोशिश में एक बदमाश बाइक से गिरकर घायल हो गया। घटना गुरुवार सुबह गाजोल के रंगाभिटा इलाके की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सिद्धार्थ मंडल (26) और किशोर मंडल (27) के रूप में हुई है। सिद्धार्थ वैष्णवनगर थाना के बीरनगर सरकारटोला गांव का निवासी है, जबकि किशोर कालियाचक थानांतर्गत शाहबाजपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के पास से 40 लाख 69 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए है। इसके साथ ही दो पैकेटों से कुल 571 ग्राम ब्राउन शुगर भी जब्त की गई है, जिसमें एक पैकेट में 306 ग्राम और दूसरे में 265 ग्राम मादक पदार्थ मिला।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार सुबह कदुबाड़ी मोड़ पर नाका चेकिंग कर रही थी। सुबह करीब साढ़े छह बजे रायगंज की ओर से आ रही दो बाइकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे तेज गति से भागने लगे। पुलिस ने तुरंत पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर एक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे चालक घायल हो गया, जबकि दूसरी बाइक को रंगाभिटा इलाके में पकड़ लिया गया। पुलिस ने दोनों बाइकों को भी जब्त कर लिया है।
रंगाभिटा कुंडू पाड़ा इलाके में पुलिस ने जब्त नकदी की गिनती शुरू की। नोट गिनने की मशीन से रकम की पुष्टि की गई। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

