home page

सड़क हादसे में दो नाबालिग बहनों की मौत, एक घायल

 | 
सड़क हादसे में दो नाबालिग बहनों की मौत, एक घायल


गाजियाबाद, 24 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में बुधवार काे एक भीषण सड़क हादसे में दो किशोरियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका फुफेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा तब हुआ जब बाइक सवार तीनों ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के कट के पास पहुंचे और एक अनियंत्रित कंटेनर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े और काफी दूरी तक घिसटते चले गए। इस हादसे में जनपद हापुड़ के नई मंडी मुरादपुर थाना कोतवाली देहात निवासी 17 वर्षीय आंशिका और उनकी छोटी बहन 14 वर्षीय परी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दिल्ली के नफजगढ़ निवासी उनके बुआ के लड़के, अजय, को गंभीर चोटें आईं।

सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को तत्काल डासना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने आंशिका को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल परी को हापुड़ स्थित रामा अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई। सीएचसी में भर्ती अजय की हालत भी नाजुक बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।

एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि घटना के संबंध में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में कंटेनर की पहचान कर ली गई है और पुलिस आरोपित चालक की तलाश में जुट गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपित चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी