देवरिया : एटीम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, 64 कार्ड बरामद
देवरिया, 15 नवंबर (हि.स.)। एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपये निकालने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के दो सदस्यों को कोतवाली पुलिस ने रविवार को सोनूघाट क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से विभिन्न बैंकों के 64 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपितों ने देवरिया के अलग-अलग इलाकों और बरहज में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोहित निषाद निवासी बशारतपुर, थाना शाहपुर, गोरखपुर और संदीप मिश्रा निवासी गोविंदपुर, थाना सिकरीगंज, गोरखपुर को गिरफ्तार किया। , गिरोह के सदस्य एटीएम के आसपास सक्रिय रहते थे। रुपये निकालने पहुंचे लोगों की मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल लेते थे। इस दौरान उनका पिन भी जान लेते थे। इसके बाद असली कार्ड का इस्तेमाल कर खाते से रुपये निकालकर आपस में बांट लेते थे।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने सोनूघाट, विकास भवन, भटवलिया चौराहा, जिला पंचायत कार्यालय के सामने, राघवनगर और बरहज क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने की बात बताई। पुलिस ने इन घटनाओं से संबंधित कोतवाली और बरहज थाने में दर्ज सात मुकदमों का खुलासा करने का दावा किया है।
उन्होंने बताया कि बरामद 64 एटीएम कार्ड में एसबीआई के 14, एचडीएफसी के आठ, पीएनबी के सात, बैंक ऑफ बड़ौदा के सात, केनरा बैंक के सात, एक्सिस बैंक के पांच, यूनियन बैंक के पांच, सेंट्रल बैंक के तीन, इंडियन बैंक के तीन, कोटक और आईसीआईसीआई बैंक के दो-दो तथा बड़ौदा यूपी बैंक का एक कार्ड शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार मोहित निषाद के खिलाफ गोरखपुर, कुशीनगर, बलिया और देवरिया के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। संदीप मिश्रा के खिलाफ भी विभिन्न जिलों में धोखाधड़ी और अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल राहुल कुमार यादव, कांस्टेबल जियालाल, आदित्य पटेल और आशीष यादव शामिल रहे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम से रुपये निकालते समय किसी अनजान व्यक्ति को अपना कार्ड न दें और न ही अपना पिन बताएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

