सीआई के नाम पर शराब तस्कर से मांगे दाे लाख, रात तीन बजे थाने पहुंची एसीबी
उदयपुर, 23 नवम्बर (हि.स.)। उदयपुर जिले के ऋषभदेव थाना क्षेत्र में एक शराब तस्कर से एएसआई द्वारा सीआई हेमंत अहारी के नाम पर 2 लाख रुपये रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद सोमवार अलसुबह करीब 3 बजे एसीबी टीम ऋषभदेव थाने पहुंची और मामले की पड़ताल शुरू की। एसीबी की दबिश के बाद से ही संबंधित एएसआई और कांस्टेबल थाने से गायब बताए जा रहे हैं।
एसीबी स्पेशल यूनिट के एएसपी राजीव जोशी के निर्देशन में टीम जांच में जुटी है और थाने के अन्य पुलिसकर्मियों से पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के थाना सर्कल में हड़कंप मच गया। ऋषभदेव डीएसपी अर्जुन सिंह राठौड़ भी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, थाने लाकर मारपीट के बाद आरोपिताें को छोड़ने के एवज में 2 लाख रुपए की मांग की गई थी और रकम की व्यवस्था करने पर पाबंद कर छोड़ने की बात कही गई थी। सहमति बनने के बाद आरोपिताें ने अपने एक मित्र को पैसे लेकर बुलाया, जिसके कपड़ों में ऑडियो रिकॉर्डर लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि तय राशि से कम पैसे लेकर पहुंचे युवक के कपड़ों में रिकॉर्डर दिखने पर पुलिसकर्मी नाराज हुए और उसे भी थाने में बैठा लिया गया, जिससे ट्रैप की कार्रवाई प्रभावित हुई।
एसीबी एएसपी राजीव जोशी के अनुसार पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर एसीबी मुख्यालय भेजी जा रही है, जहां से नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

