राजगढ़ः योनो ऐप डाउनलोड कराने का झांसा देकर बुजुर्ग दंपती से 2.35 लाख की साइबर ठगी
राजगढ़, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने बैंक का कर्मचारी बनकर योनो एप डाउनलोड कराने का झांसा देते हुए एक बुजुर्ग दंपती के बैंक खातों से 2 लाख 35 हजार रुपये ऑनलाइन निकाल लिए। पुलिस ने शुक्रवार को पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शिक्षक कॉलोनी निवासी अखिलेश (62)पुत्र रामचंद्र शर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 जून को दोपहर करीब 12 बजे उनके मोबाइल पर कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक से जुड़ा बताते हुए योनो एप डाउनलोड कराने की बात कही। बातचीत के दौरान आरोपी ने चालाकी से ऐसी प्रक्रिया कराई, जिससे फरियादी और उनकी पत्नी के बैंक खातों की जानकारी हासिल कर ली। कुछ ही देर बाद दोनों के खातों से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 2.35 लाख रुपये ऑनलाइन निकाल लिए गए। बैंक खाते से राशि कटने के संदेश मिलने पर दंपती को ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ धारा 318(4) के तहत मामला कायम किया है। पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक ट्रांजेक्शन के आधार पर साइबर ठग की तलाश कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंकिंग ऐप डाउनलोड न करें और न ही ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

