home page

नवादा में 181 शिक्षकों को 1.17 करोड़ का झटका, दो लिपिक निलंबित,प्राथमिकी दर्ज

 | 

नवादा, 22 नवंबर (हि.स.)।नवादा। जिले के शिक्षा विभाग में वेतन भुगतान के नाम पर हुई 1.17 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। HRMS पोर्टल के माध्यम से जिले के 181 शिक्षकों के बैंक खातों में निर्धारित राशि से अधिक का भुगतान कर दिया गया था। वेतन, मकान किराया भत्ता और एरियर के नाम पर कुल 1 करोड़ 17 लाख 92 हजार 308 रुपये की अतिरिक्त राशि शिक्षकों के खातों में भेजी गई थी।

नवपद स्थापित जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि रविवार को बताया कि विभागीय जांच के बाद सभी संबंधित शिक्षकों से अतिरिक्त भुगतान की पूरी राशि वापस वसूल कर ली गई है।

मामले में विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रधान लिपिक सतीश कुमार (चेकर) और लिपिक रविन्द्र कुमार (मेकर) को निलंबित कर दिया है। दोनों के विरुद्ध नवादा नगर थाने में आपराधिक धाराओं के तहत प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।

बताया जाता है कि HRMS पोर्टल पर वेतन भुगतान की प्रक्रिया में गड़बड़ी के कारण इतनी बड़ी राशि का अतिरिक्त भुगतान हुआ। अब विभागीय स्तर पर इस पूरे मामले में जिम्मेदारी निर्धारित करने की कार्रवाई की जा रही है।

हालांकि, इस मामले में केवल दो लिपिकों पर कार्रवाई किए जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

चर्चा है कि इतनी बड़ी वित्तीय गड़बड़ी बिना उच्चस्तरीय निगरानी और अधिकारियों की जानकारी के कैसे संभव हुई? भुगतान की प्रक्रिया में जांच और सत्यापन की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों के स्तर पर थी, उनकी भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।

स्थानीय स्तर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग उठ रही है। सवाल यह भी है कि जब 181 शिक्षकों के खातों में करोड़ों रुपये की अतिरिक्त राशि भेजी जा रही थी, तब विभागीय निगरानी तंत्र क्या कर रहा था?

फिलहाल दो लिपिकों के निलंबन और प्राथमिकी के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अब देखना होगा कि जांच का दायरा केवल लिपिकों तक सीमित रहता है या फिर इस वित्तीय अनियमितता में शामिल अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी उजागर होती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन