home page

20 किलो गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय आरोपित गिरफ्तार

 | 
20 किलो गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय आरोपित गिरफ्तार


धमतरी, 9 सितंबर (हि.स.)। आपरेशन निश्चय के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलो 400 ग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सिहावा पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से गांजा के अलावा रायल एनफील्ड मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 11 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।

जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि स्लेटी रंग की रायल एनफील्ड मोटरसाइकिल क्रमांक में दो व्यक्ति ओड़िसा की ओर से गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल रतावा फारेस्ट नाका के सामने मेन रोड पर घेराबंदी की और बताए गए हुलिए व वाहन क्रमांक के आधार पर मोटरसाइकिल को रोक लिया।

दोनों व्यक्तियों की विधिवत तलाशी लेने पर ट्राली बैग और सफारी बैग के अंदर सेलोटेप से पैक किया हुआ। 20 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 20 हजार रुपये है। पुलिस ने गांजा के साथ रायल एनफील्ड मोटरसाइकिल की कीमत एक लाख 50 हजार रुपये और मोबाइल फोन 10 हजार रुपये कीमत का जब्त किया। इस तरह कुल 11 लाख 80 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान एहतेशाम, उम्र 27 वर्ष, निवासी बेहड़ा सादात, बहरह सादात ककरौली, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश तथा तुषार कश्यप, उम्र 23 वर्ष, निवासी एफ-178, गली नंबर पांच, चांदबाग, करावल नगर, मंदिर मार्ग, उत्तर पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना सिहावा में नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर नौ सितंबर को गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के लिए कोई स्थान नहीं है तथा नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा