दो मासूम भाइयों की हत्या के मामले में पूर्व मंत्री का बेटा सहित दो और गिरफ्तार
नंदवारा गांव में 4 और 6 वर्षीय सगे भाइयों के शव पानी के गड्ढे से मिले थे, अब तक सात आरोपित गिरफ्तार
बांदा, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में नरैनी थाना क्षेत्र के नंदवारा गांव में चार और छह वर्षीय दो सगे मासूम भाइयों की हत्या कर शवों को गड्ढे में छिपाने के मामले में पुलिस ने रविवार को दो और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पूर्व मंत्री सुरेंद्र पाल वर्मा का पुत्र और जिला पंचायत के पूर्व सदस्य महेंद्र पाल वर्मा उर्फ राजू तथा उसका साथी ओमकार उर्फ शेरा शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने की प्रक्रिया की गई।
क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 को नरैनी थाना क्षेत्र के नंदवारा गांव से दो सगे भाइयों के लापता होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तलाश अभियान चलाया तो दोनों बच्चों के शव घर के पास स्थित पानी के गड्ढे से बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया था। मृतक बच्चों के पिता भइयाराम की तहरीर पर एक अक्टूबर को नरैनी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 271/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पहले पांच आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
पुलिस ने विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर तीन अक्टूबर को पांच आरोपियों भवानीदीन, उसके पुत्र अखिलेश, श्यामलली पत्नी भवानीदीन, लम्बरी उर्फ रामप्रसाद और सुरेंद्र को गिरफ्तार किया था। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया था। मामले में दो अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य संकलन की कार्रवाई जारी थी।
गैर-जमानती वारंट के बाद गिरफ्तारी
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के निकट पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में नरैनी थाना पुलिस तथा जनपद की एसओजी टीम ने कार्रवाई करते हुए रविवार, 25 अक्टूबर को महेंद्र पाल वर्मा उर्फ राजू पुत्र सुरेंद्र पाल वर्मा और ओमकार उर्फ शेरा पुत्र अच्छेलाल, दोनों निवासी ग्राम नंदवारा, को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद न्यायालय से गैर-जमानती वारंट प्राप्त किए गए थे। इसके बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना और अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

