home page

कानपुर सेंट्रल स्टेशन के पास 26 किलो गांजा के साथ दो शातिर गिरफ्तार

 | 
कानपुर सेंट्रल स्टेशन के पास 26 किलो गांजा के साथ दो शातिर गिरफ्तार


कानपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन के पास कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को 26 किलो 70 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 28 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस शातिरों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

जीआरपी इंस्पेक्टर ओम नारायण सिंह ने बताया कि कानपुर सेंट्रल स्टेशन के हीरागंज पुल की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर पीपल के पेड़ के पास संदिग्धों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास मौजूद दो ट्रॉली बैग से कुल 26 किलो 70 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार शातिरों की पहचान मध्य प्रदेश के रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र के रहने वाले शनि साकेत और सोनू कुमार प्रजापति के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में रीवा में किराये के मकान में रह रहे थे।

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक सिद्धनाथ पाटीदार ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा ओडिशा से लेकर आए थे और आगे ट्रेन के जरिए उसकी तस्करी की तैयारी में थे। मामले में जीआरपी कानपुर सेंट्रल थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई जीआरपी कानपुर सेंट्रल प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक सिद्धनाथ पाटीदार के नेतृत्व में की गई। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप