एसटीएफ व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो नक्सली गिरफ्तार
नवादा, 21 मार्च (हि.स.)।
बिहार में नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में बिहार पुलिस मुख्यालय (विशेष कार्य बल) की टीम और नवादा जिला पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर पीएलएफआई नक्सल संगठन के दो हार्डकोर सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दयानंद राजवंशी उर्फ गुर्जर उर्फ पप्पू तथा मिथिलेश राजवंशी के रूप में हुई है, जो हरदिया थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
नवादा की पुलिस अधीक्षक अभिनव अधिमान्य शनिवार को बताया कि पुलिस के अनुसार, दोनों की निशानदेही पर रजौली थाना क्षेत्र के पहाड़ी व जंगली इलाके के भनेखाप में छापेमारी की गई, जहां से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। बरामद सामान में .315 रेगुलर राइफल 2, .315 के 20 जिंदा कारतूस, एक टैक्टिकल गियर (बुलेटप्रूफ प्लेट सहित), एक बुलेटप्रूफ पटका, 9 डेटोनेटर, करीब 40.625 किलोग्राम विस्फोटक (325 पैकेट) और लगभग 100 मीटर कोडेक्स वायर शामिल है।
इस मामले में रजौली थाना में कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। रजौली थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि पटना में एसटीएफ ने भी नक्सलियों के ठिकानों का पता लगा लिया था ।जिसके बाद संयुक्त कार्रवाई में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

