home page

शादी से लौट रहीं दो बालिकाओं से 500 रुपये का लालच देकर की छेड़छाड़, केस दर्ज

 | 

महोबा, 29 अप्रैल (हि.स.)।यूपी के महोबा जनपद में वैवाहिक कार्यक्रम से खाना खाकर लौट रही दो बालिकाओं के साथ पड़ोसी ने 500 रुपये का लालच देकर अश्लील हरकतें करते हुए छेड़छाड़ कर दी। उलाहना देने पर उसने, उसके बेटे व पत्नी ने जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपित दंपती व पुत्र के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।

जनपद के कस्बा कुलपहाड़ के एक मुहाल निवासी युवक ने बताया कि उसकी 12 वर्षीय भतीजी अपनी 11 वर्षीय सहेली के साथ 25 अप्रैल की देर रात पड़ोस की शादी में खाना खाकर वापस आ रहीं थी। तभी रास्ते में पड़ोस में रहने वाले हरी पेंटर ने दोनों बच्चियों को रोक लिया और उन्हें अपनी गोद में बैठा लिया। इसके बाद उसने अश्लील हरकतें करते हुए 500 रुपये का लालच देकर छेड़छाड़ शुरू कर दी। किसी तरह दोनों वहां से भागकर रोते हुए घर आईं और सारा घटनाक्रम बताया।

उन्हाेंने बताया कि जब आरोपित के घर उलाहना देने गए तो वह गालियां देने लगा। इस पर डायल 112 को सूचना दी। आरोपित के पुत्र बच्चू व पत्नी विद्या ने भी जान से मारने की धमकी दी। कहा कि यदि पुलिस को सूचना दी तो परिवार को नष्ट कर दिया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि हरी पेंटर, बच्चू और विद्या के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी