अंबिकापुर : 14 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, तीन फरार
अंबिकापुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 14 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग तीन लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान तीन अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपित रायगढ़ और जशपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय गांजा कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना पर आबकारी विभाग की टीम ने राधापुर बैरियर के पास सिविल ड्रेस में घेराबंदी की। रात करीब 9 बजे दो बाइक में सवार पांच संदिग्ध युवक मौके पर पहुंचे और सुनसान जगह पर रुक गए। टीम ने दबिश दी तो आरोपित भागने लगे, लेकिन पीछा कर दो युवकों टिकेश्वर यादव (लैलूंगा, रायगढ़) और खिलेश्वर यादव (राजाआमा, जशपुर) को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके बैग से सात-सात पैकेट में कुल 14 किलो गांजा बरामद हुआ, वहीं मौके से दो बाइक भी जब्त की गई हैं। फरार आरोपियों की पहचान दीनू यादव, किशोर पैंकरा और प्रदीप यादव के रूप में हुई है।
आबकारी विभाग ने गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(सी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि उड़ीसा से सटे होने के कारण जशपुर और रायगढ़ जिले गांजा तस्करी के लिए संवेदनशील बने हुए हैं। सस्ते दामों पर गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में खपाया जाता है, लेकिन विभाग ऐसे तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

