पुलिस के हत्थे चढ़े दो गांजा तस्कर
कानपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। बर्रा थाना पुलिस ने गांजा खरीदकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से करीब 1.2 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित अजय विश्वकर्मा उर्फ गंगा और दिनेश सिंह राठौर उर्फ गुड्डन हैं। दोनों को स्मृति पैलेस के पास मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद झोले से गांजे के दो बंडल बरामद हुए। एक बंडल में 325 ग्राम और दूसरे में 898 ग्राम गांजा मिला।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित गांजा खरीदकर लाते और उसे छोटी-छोटी पुड़िया में तैयार कर बेचते थे। बिक्री से मिलने वाले पैसों से आर्थिक लाभ कमाते थे। पुलिस ने बरामद गांजे और झोले को कब्जे में लेकर दोनों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मामले में बंटी बबली निवासी चित्रा इंटर कॉलेज को वांछित किया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
थाना प्रभारी रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सूचना के आधार पर कार्रवाई कर दोनों आरोपितों को गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया है। मामले में वांछित आरोपित की तलाश भी की जा रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

