सिरसा: खोखर दोहरे हत्याकांड में दो महिला आरोपी गिरफ्तार
सिरसा, 07 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने जिले के गांव खोखर में हुए दोहरे हत्याकांड मामले में संलिप्त दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी महिलाओं को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
कालांवाली थाना प्रभारी सुनील कुमार ने शनिवार को बताया कि इस संबंध में गांव खोखर निवासी जसवीर सिंह ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई कि बीती एक मार्च को उसका भाई झरमल सिंह व उसका लडक़ा दलजीत सिंह अपने खेत की ओर गए थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आए तो उसने गुरप्रीत सिंह (चचेरा भाई) व भतीजे अर्शदीप सिंह के साथ उनकी तलाश शुरू की। तलाश करते हुए जब आरोपी मोती सिंह के खेत के पास पहुंचे तो जसवंत सिंह, बीकर सिंह व मोती सिंह कुछ अन्य व्यक्तियों के साथ उसके भाई झरमल सिंह व लडक़े दलजीत सिंह पर तेजधार हथियारों से मारपीट कर रहे थे। उन्होंने छुड़वाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथी गुरप्रीत सिंह व अर्शदीप सिंह को भी चोटें पहुंचाई। शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए और आरोपी हथियारों सहित भाग गए। उन्होंने झरमल सिंह, दलजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह व अर्शदीप सिंह को सरकारी अस्पताल कालांवाली में भर्ती करवाया, जहां चिकित्सकों ने झरमल सिंह व दलजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया और गुरप्रीत सिंह व अर्शदीप सिंह को सिरसा रेफर कर दिया।
शिकायतकर्ता जसवीर सिंह ने बताया कि तीन-चार दिन पहले उसने अपने भाई झरमल सिंह के साथ उत्तम सिंह निवासी खोखर की दो कनाल जमीन खरीदने का सौदा किया था। जमीन के सौदे के लिए हजार रुपये साई के तौर पर उत्तम सिंह को दिए थे, लेकिन बाद में यह सौदा कैंसिल हो गया और उसने वह राशि वापस कर दी। जिसकी वजह से उनकी आपसी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया।
थाना प्रभारी के अनुसार जांच के दौरान पुलिस ने पूछताछ की और महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। ठोस साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो महिला आरोपियों की वारदात में संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत मेेंं भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

