home page

खेत में काम करते समय करंट से दो कृषकों की मौत

 | 
खेत में काम करते समय करंट से दो कृषकों की मौत


जोधपुर, 12 सितम्बर (हि.स.)। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में खेत में काम करते समय करंट से दो किसानों की मौत हो गई। संबंधित थाना पुलिस ने कार्रवाई के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए है।

आसोप पुलिस ने बताया कि गजसिंहपुरा की बेड़ों की ढाणी निवासी सुरेश (25) बेटा रामदेव बेड़ा अपने खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक बिजली के तारों की चपेट में आ गया। करंट का तेज झटका लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने परिवार को सूचना दी। जल्द ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसोप थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

वहीं चाखू थाना क्षेत्र में भी खेत में काम करते समय करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। इस घटना को लेकर मृतक किसान के बेटे ने चाखू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि जंभेश्वर नगरी मोटाई के रहने वाले ओमप्रकाश ने अपनी रिपोर्ट में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके पिता खेत में खेती का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें करंट लग गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश