सिरसा: पिकअप गाड़ी सवार दो नशा तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 28 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए सिरसा जिले के गांव अबूबशहर क्षेत्र से पिकअप गाड़ी सवार दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों के कब्जे से छह किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया गया है।
सीआईए प्रभारी राजपाल ने शनिवार को बताया कि दोनों तस्कर पंजाब के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव अबूबशहर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक पिकअप गाड़ी आई। पुलिस ने पिकअप को जांच के लिए रोका और तलाशी ली तो चूरापोस्त बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान पंजाब के फरीदकोट निवासी सन्नी सिंह व बठिंडा निवासी गुरदीप सिंह के रूप में हुई। आरोपियों के खिलाफ सदर थाना डबवाली में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
इसके अलावा पुलिस ने हेरोइन बरामदगी मामले में मुख्य तस्कर पंजाब के बठिंडा निवासी सुखविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बीते दिवस गांव मांगेआना क्षेत्र से संदीप सिंह को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे बठिंडा निवासी सुखविंद्र सिंह ने हेरोइन सप्लाई की थी। पुलिस ने सप्लायर सुखविंद्र सिंह के खिलाफ भी मामला दर्ज कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

