सिरसा: पंजाब के दो नशा तस्कर गिरफ्तार, लाखों रुपये का चूरापोस्त बरामद
सिरसा, 27 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस ने सिरसा जिले के गांव चौटाला क्षेत्र से पिकअप गाड़ी से 51 किलोग्राम चूरापोस्त सहित दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार लहसुन के कट्टों के बीच छिपाकर चूरापोस्त की तस्करी की जा रही थी।
कालांवाली के डीएसपी संदीप धनखड़ ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में इसका खुलासा करते हुए बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान पंजाब निवासी गुरविंद्र सिंह व लक्की के रूप में हुई है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान गांव सकताखेड़ा के नजदीक भारतमाला पुल क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पंजाब फरीदकोट जिला निवासी गुरविंद्र सिंह व लक्की चूरापोस्त तस्करी का धंधा करते हैं और पिकअप में चूरापोस्त लेकर गांव चौटाला से होते हुए पंजाब की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की तलाशी शुरू कर दी। कुछ समय बाद हनुमानगढ़ की तरफ से एक पिकअप गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस ने शक के आधार पर पिकअप को रूकवा लिया और तलाशी ली तो उसमें लहसुन के कट्टों के बीच छिपाकर रखा गया 51 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद है। उन्होंने बताया कि बरामद किए गए चूरापोस्त की कीमत करीब आठ लाख रुपये आकी गई है। आरोपियों के खिलाफ सदर थाना डबवाली में अभियोग दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और चूरापोस्त तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

