सागर के बंडा क्षेत्र में देसी शराब पीने के बाद दो ग्रामीणों की संदिग्ध मौत, पुलिस और आबकारी विभाग ने शुरू की जांच
सागर, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा गोपालमन में देसी शराब पीने के बाद दो ग्रामीणों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान गांव के कमलेश लोधी (40) और चंद्रभान लोधी (42) के रूप में हुई है। दोनों की मौत के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस और आबकारी विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह दोनों ग्रामीण गांव से करीब सात किलोमीटर दूर बंडा स्थित सरकारी शराब दुकान से देसी शराब खरीदकर लाए थे। सुबह करीब नौ बजे दोनों ने शराब का सेवन किया। कुछ ही देर बाद उन्हें तेज सिरदर्द, उल्टी और आंखों में जलन की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी।
चंद्रभान के भाई अरविंद लोधी ने बताया कि गुरुवार शाम कमलेश की हालत अधिक बिगड़ने पर परिजन उसे सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) ले गए। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, चंद्रभान की तबीयत गुरुवार देर रात करीब 3:30 बजे अचानक गंभीर हो गई। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उसने घर पर दम तोड़ दिया।
पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट का इंतजार
दो ग्रामीणों की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस और आबकारी विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं। अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शुक्रवार सुबह चंद्रभान के शव को पोस्टमार्टम के लिए बंडा अस्पताल भेजा गया, जबकि कमलेश का पोस्टमार्टम बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में कराया जा रहा है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दोनों की तबीयत शराब सेवन के बाद बिगड़ी थी। हालांकि शराब में जहरीले पदार्थ की मिलावट थी या किसी अन्य चिकित्सकीय कारण से उनकी मौत हुई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और आबकारी विभाग शराब के स्रोत सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम और विसरा जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल दोनों मौतों को संदिग्ध मानकर जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

