चोरी के जेवरात और कार के साथ बुलंदशहर के दो शातिर गिरफ्तार
हमीरपुर, 23 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में वाहनों में सवारियों के साथ बैठकर उनके सामान की चोरी करने वाले दो वांछित आरोपियों को मौदहा कोतवाली पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो जोड़ी सफेद धातु की पायल और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि पकड़े गए आरोपी जून माह में कस्बे के बड़े चौराहे से हुई चोरी के मामले में वांछित थे। दोनों के खिलाफ मुकदमा बीएनएस की धारा में कार्रवाई की गई है। बुधवार को उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह और अभिषेक त्रिवेदी की टीम चेकिंग अभियान पर थी। इसी दौरान डिग्री कॉलेज रोड स्थित पुलिया के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाबर पुत्र सलीम खान, निवासी अगोरा मीरपुर, थाना खुर्जा देहात, बुलंदशहर और सोरन कुमार पुत्र सतीश नट, निवासी स्याना, थाना स्याना, बुलंदशहर के रूप में हुई है। तलाशी और पूछताछ के बाद पुलिस ने बरामद सामान व कार को जब्त कर विधिक कार्रवाई पूरी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

