चोर गिरोह के दो आरोपित गिरफ्तार, पीली धातु एवं नकदी बरामद
प्रयागराज, 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित करैली थाने की पुलिस टीम ने शनिवार को चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपितों के कब्जे से पीली धातु की एक बट्टी, 90 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि करैली में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 85/2026 धारा 331(4)/305(ए) बीएनएस के तहत जांच की जा रही थी। इसी क्रम में प्रकाश में आए आरोपितों में हसन पुत्र उस्मान निवासी शम्स नगर करैलाबाग एवं कामरान अहमद पुत्र एखलाक अहमद निवासी खेड़वा असरावल थाना एयरपोर्ट को रेलवे डाट पुल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपितों से बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ाई गई है।
डीसीपी ने बताया कि करैली थाना क्षेत्र के जीटीबी नगर निवासी अरुण कुमार मेहरौत्रा के बंद मकान में घुसकर चोरी की वारदात कारित की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। संयुक्त टीमों ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों में हसन पर पूर्व में लूट और चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि कामरान अहमद के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

