पुलिस मुठभेड़ में फायरिंग करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, एक घायल; असलहा व बाइक बरामद
जौनपुर,21 मार्च (हि.स.)। जिले की सुजानगंज और महराजगंज थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने शनिवार को मुठभेड़ के दौरान जानलेवा फायरिंग करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) आतिश कुमार सिंह ने बताया कि पलारी गांव निवासी अनुज मिश्रा की तहरीर पर थाना सुजानगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप था कि प्रतीक दूबे और उसके साथियों ने घर के बाहर तथा चौराहे पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपितों की तलाश शुरू की गई।
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित किसी बड़ी घटना की फिराक में हैं और प्रतापगढ़ बॉर्डर की ओर जा रहे हैं। इस पर सुजानगंज व महराजगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने भोगीपुर-कठार के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध युवक आते दिखाई दिया। पुलिस के रुकने का इशारा करने के बाद दोनों बदमाश अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। पीछा करने पर एक आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिससे पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें प्रतीक दूबे उर्फ अनुज (निवासी बिझवट, थाना महराजगंज) के पैर में गोली लग गई। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
वहीं, दूसरे आरोपित विनय दूबे (निवासी बिझवट) को पुलिस ने खेत में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस (.32 व .315 बोर) एक आपचे मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में aaropito ने स्वीकार किया कि वे अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग करते थे। पुलिस अन्य फरारआरोपितों की तलाश में जुटी है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

