घरों में चोरी करने वाले दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
नोएडा, 13 नवंबर (हि.स.)। थाना दादरी पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को शुक्रवार की रात को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश के पैर में लगी है। ये बदमाश घरों से चोरी करने की वारदात को अंजाम देते हैं।
अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि थाना दादरी पुलिस शुक्रवार की रात को आरबी नॉर्थलैंड के पास बैरियर लगाकर बदमाशों की तलाश में चेकिंग कर रही थी, तभी एक बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाश रुकने की बजाय तेजी से मोटरसाइकिल मोड़कर शमशान घाट की तरह भागने लगे। पुलिस ने पीछा करके उन्हें घेर लिया। अपने आपको घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। उन्होंने बताया कि आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश साजिद उर्फ टिचकला पुत्र अहमद सईद निवासी कस्बा दादरी उम्र 29 वर्ष के पैर में लगी है।
उन्होंने बताया कि इसका एक साथी रिजवान उर्फ काले मौके से भाग गया था। कांबिंग के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इन बदमाशों के पास से एक-एक देशी तमंचा, घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल, चोरी की दो जोड़ी पायल ,दो सोने की अंगूठी, एक सोने की चेन आदि बरामद हुआ है। इन बदमाशों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि इन लोगों ने एक महीने पहले बसंतपुर गांव में रहने वाले एक व्यक्ति के घर चोरी की थी, जबकि 2 दिन पूर्व सूरजपुर विहार कॉलोनी दादरी में रहने वाले एक व्यक्ति के घर से जेवरात चोरी किया था। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश साजिद के ऊपर पूर्व में पांच और रिजवान के ऊपर पूर्व में आठ मुकदमे दर्ज हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

