home page

पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, लूट का माल बरामद

 | 
पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, लूट का माल बरामद


नोएडा, 21 नवंबर (हि.स.)। थाना फेस-2 पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दोनों बदमाशों के पैर में लगी है।

पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि थाना फेस-2 पुलिस शनिवार की रात को विशेष निर्यात जोन के पास बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी, तभी दो बदमाश बाइक पर सवार होकर आते हुए दिखाई दिए। शक होने पर पुलिस ने जब उन्हें रूकने का इशारा किया तो बदमाश पुलिस टीम पर गोली चलाकर भागने लगे। उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली आदित्य उर्फ सनी उर्फ आदि तथा नसीम उर्फ रियाज के पैर में लगी है।

उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने लूटी हुई सोने की चेन के टुकड़े, देशी तमंचा, कारतूस तथा डेढ़ लाख रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद किया है। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने पुलिस को बताया कि 30 अक्टूबर को इन लोगों ने नया गांव के पास रात्रि के समय दो स्कूटी सवार व्यक्तियों को रोककर तमंचे के बल पर उनका बैग लूट लिया था। लूटे गए बैग में 1,75,000 नकद, सोने के जेवरात आदि थे। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाश आदित्य के ऊपर पूर्व में 09 तथा नसीब अली के ऊपर पूर्व में तीन मुकदमे दर्ज हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी