नाेएडा पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
नोएडा, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाैतमबुद्धनगर नाेएडा में थाना सेक्टर-20 पुलिस ने बीती रात को एक सूचना के आधार पर दो बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश के पैर में लगी है।
अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना सेक्टर-20 पुलिस 16 अक्टूबर की देर रात को संदिग्ध वाहनों और बदमाशों की चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक पर सवार होकर दो लोग डीएलएफ मॉल के पास आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाश वहां से भागने लगे। पुलिस ने पीछा करके बदमाशों को घेर लिया। उन्होंने बताया कि अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई।
अपर उपायुक्त ने बताया कि पुलिस द्वारा चलाई गई गोली सलमान (34) उर्फ राजा उर्फ मामा पुत्र अब्दुल रशीद निवासी जनपद मेरठ के पैर में लगी है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि इसके पास से पुलिस ने देशी तमंचा, कारतूस, 12 हजार 400 रुपये नकद बरामद किया है। उन्होंने बताया कि इसका दूसरा साथी दानिश मौके से भाग गया था। पुलिस ने पीछा करके उसे पकड़ लिया है। इसके पास से भी पुलिस ने लूटा हुआ मोबाइल फोन, दाे हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में चोरी और लूटपाट की दर्जनों वारदातें करनी स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ विभिन्न थानों में दर्जन भर से ज्यादा मुकदमें दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

