चोरी कांड का 24 घंटे में खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार; सोने-चांदी के जेवर व नकदी बरामद
नवादा, 14 जुलाई (हि.स.)। नवादा जिले के पकरीबरावां धमौल पुलिस ने थाना क्षेत्र के जम्हड़िया गांव में हुई चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी बरामद की गई है।
मंगलवार को अनुमंडल पुलिस कार्यालय पकरीबरावां में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुजय विद्यार्थी ने मामले का खुलासा किया।
इस दौरान धमौल थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार भी उपस्थित थे।
एसडीपीओ ने बताया कि 12 जुलाई 2026 को धमौल थाना क्षेत्र के जम्हड़िया गांव स्थित एक घर में अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी की चोरी कर ली थी।
पीड़ित के आवेदन पर धमौल थाना कांड संख्या 78/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
तकनीकी अनुसंधान एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने 13 जुलाई को छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मलिकपुर, थाना बैरपुर, जिला कोलकाता निवासी मो. नसरुद्दीन के पुत्र मो. अरशद उर्फ छोटू तथा छोटी दौलतपुर, थाना गोंदापुर, जिला नवादा निवासी सुनील शाह के पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान मो. अरशद ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि चोरी की गई सोने की चेन को नवादा स्थित जेवरात महल नामक ज्वैलरी दुकान के कर्मी गोलू कुमार को बेच दिया गया था। वहीं, चांदी के जेवरात विष्णु ज्वेलर्स में बेचा था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने संबंधित दुकान से एक सोने की चेन, एक चांदी की सिकड़ी, दो जोड़ी चांदी के कंगन तथा चोरी की रकम में से 2,135 रुपये नकद बरामद कर लिए।
एसडीपीओ ने बताया कि बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
उन्होंने बताया कि जेवरात महल के मालिक सुरेन्द्र कुमार उर्फ मुन्ना की भी संलिप्तता सामने आ रही है। वहीं, विष्णु ज्वेलर्स की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में जो भी संलिप्त पाए जाएंगे, उस पर कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

