home page

पुलिस ने 10 दिनों में खोला हाईटेक लूटकांड का पोल, 4 लाख के कैमरा-ड्रोन बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

 | 
पुलिस ने 10 दिनों में खोला हाईटेक लूटकांड का पोल, 4 लाख के कैमरा-ड्रोन बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार


नवादा, 26 मई (हि.स.)। जिले के सिरदला थाना क्षेत्र में शादी समारोह की वीडियो ग्राफी के बहाने अंजाम दिए गए हाईटेक लूटकांड का सिरदला पुलिस ने मंगलवार को महज 10 दिनों के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

पुलिस अधीक्षक नवादा अभिनव धीमान ने मंगलवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर बताया गया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में सिरदला थाना क्षेत्र के धीरौंध पंचायत अंतर्गत शेरपुर गांव निवासी गुड्डू कुमार पिता सरयू रविदास तथा मिथिलेश कुमार उर्फ गोलू कुमार पिता नरेश मिस्त्री शामिल हैं। दोनों को सिरदला थाना अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गिरफ्तार किया।

घटना 16 मई 2026 की है। जानकारी के अनुसार नवादा जिले के सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी राहुल कुमार, जो शादी-विवाह में वीडियो ग्राफी और फोटो ग्राफी का कार्य करते हैं, उन्हें एक युवक ने मोबाइल पर संपर्क कर मुंडन कार्यक्रम की शूटिंग के लिए बुक किया था। युवक ने अपना नाम सचिन कुमार बताते हुए अच्छा भुगतान देने की बात कही, जिससे राहुल को किसी प्रकार का संदेह नहीं हुआ।

अगले दिन राहुल कुमार अपने कैमरा, ड्रोन और अन्य उपकरणों के साथ सिरदला थाना क्षेत्र के खरौंध रेलवे स्टेशन पुल के समीप पहुंचे, जहां पहले से मौजूद एक युवक उन्हें जंगल स्थित मंदिर में कार्यक्रम होने की बात कहकर बाइक से कुंभियातरी जंगल की ओर ले गया। सुनसान स्थान पर पहले से घात लगाए चार अन्य अपराधी वहां पहुंच गए और राहुल के साथ मारपीट करते हुए दो उनको जगा के उनको करके फर्स्ट ऐड करवा उसको पटना भेज कैमरा, एक ड्रोन और तीन मोबाइल लूट लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। हालांकि अपराधियों ने उनकी बाइक छोड़ दी और जंगल की ओर फरार हो गए।

किसी तरह राहुल जंगल से बाहर निकलकर सिरदला थाना पहुंचे और घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन, ह्यूमन इंटेलिजेंस और लगातार छापेमारी के आधार पर पुलिस ने दो अभियुक्तों को दबोच लिया। उनकी निशानदेही पर लूटे गए दो कैमरा, एक ड्रोन और तीन मोबाइल भी बरामद कर लिए गए। बरामद सामान की कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।

पूछताछ में दोनों आरोपितों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। थाना अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि एक मोबाइल फोन अभी बरामद नहीं हो सका है, जिसे जल्द बरामद कर लिया जाएगा। वहीं पीड़ित राहुल कुमार ने त्वरित कार्रवाई के लिए सिरदला पुलिस और थाना अध्यक्ष की सराहना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन