home page

फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, दो देशी कट्टा व बाइक बर

 | 
फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, दो देशी कट्टा व बाइक बर


नवादा, 27 जुलाई (हि.स.)।नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के डोमनबाग गांव में सोमवार को फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों के पास से दो देशी कट्टा तथा घटना में प्रयुक्त एक बाइक बरामद की गई है।

जिले के कौआकोल थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में पकरीबरावां के एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि डोमनबाग गांव में 4-5 युवकों द्वारा फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की गई है। सूचना यह भी मिली कि ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़ रखा है और अन्य आरोपित दोबारा गांव में आने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरावां गांव निवासी सूरज मांझी (पिता- योगेंद्र मांझी) को गिरफ्तार कर हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान उसने फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दरावां गांव से एक देशी कट्टा बरामद किया। वहीं दरावां गांव निवासी अंकित राज,पिता हरिश्चंद्र साव उर्फ लूटन साव के पास से एक अन्य देशी कट्टा तथा घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की गई। इसके बाद पुलिस ने अंकित राज को भी गिरफ्तार कर लिया।

एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्रेस वार्ता के दौरान थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन