दो कॉलेजों को बम की धमकी, ईमेल से मचा हड़कंप, तलाशी में कुछ नहीं मिला
नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तरी जिले स्थित रामजस कॉलेज और मिरांडा हाउस में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब संस्थान को एक संदिग्ध ईमेल मिला। जिसके विषय में बम होने की धमकी का जिक्र किया गया था।
पुलिस के अनुसार, संदेश के मुख्य भाग में बम का सीधा उल्लेख नहीं था, लेकिन विषय में दी गई धमकी को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की गई। कॉलेज प्रशासन ने बिना देर किए इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
एहतियात के तौर पर छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को तत्काल परिसर से बाहर निकाला गया। पूरे इलाके को घेरकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। बम निरोधक दस्ता, श्वान दल और पुलिस की कई टीमें घंटों तक परिसर की गहन जांच करती रहीं।
जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिससे राहत की सांस ली गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी प्रकार का खतरा सामने नहीं आया है, लेकिन सतर्कता के तौर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
संदिग्ध ईमेल में बेहद आपत्तिजनक और हिंसक भाषा का प्रयोग किया गया था। इसमें एक राजनीतिक परिवार को निशाना बनाते हुए गंभीर धमकियां दी गई थीं। इस कारण सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए जांच तेज कर दी है।
उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया के अनुसार मामले की जांच में अब साइबर विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है, ताकि ईमेल भेजने वाले की पहचान की जा सके। प्रारंभिक स्तर पर ईमेल के स्रोत और उसके स्थान का पता लगाने का प्रयास जारी है।
घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल देखने को मिला। हालांकि, कॉलेज प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें। फिलहाल दोनों कॉलेजों में स्थिति सामान्य करने की प्रक्रिया जारी है, जबकि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

