अम्बिकापुर : बेखौफ चैन स्नेचिंग गिरोह का तांडव, एक ही दिन में दो महिलाओं से 5 लाख के आभूषण पार, इलाके में दहशत
अम्बिकापुर, 13 अगस्त (हि.स.)। सरगुजा जिले के सीतापुर नगर व आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान नागरिकों की चिंता अब और बढ़ गई है। नगर में सक्रिय चैन स्नेचिंग गिरोह ने बुधवार को दिनदहाड़े एक ही दिन में दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देकर पुलिस गश्त की पोल खोल दी है। शातिर बदमाशों ने साप्ताहिक बाजार और नए बस स्टैंड के पास से दो महिलाओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र छीन लिया। लूटे गए आभूषणों की कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों मामलों में पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना बुधवार दोपहर की है, जब साप्ताहिक बाजार में सेवानिवृत्त शिक्षक सूर्यकांत गुप्ता की पत्नी सब्जी खरीदने गई थीं। पहले से घात लगाए बैठे गिरोह के सदस्यों ने भीड़ का फायदा उठाकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली और रफूचक्कर हो गए। पीड़िता के अनुसार गायब हुई सोने की चेन की कीमत लगभग 3.5 से 4 लाख रुपये है।
अभी पुलिस इस घटना की जांच शुरू ही कर रही थी कि शाम करीब 4 बजे नए बस स्टैंड के पास दूसरी वारदात हो गई। आमाटोली निवासी सोनिया पैंकरा (पति बस्तरिया पैंकरा) एक दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बस में सवार होने जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवक तेजी से पास आए और महिला के गले से मंगलसूत्र खींचकर फरार हो गए। जब तक पीड़िता या आसपास के लोग कुछ समझ पाते, आरोपी ओझल हो चुके थे। छीने गए मंगलसूत्र की कीमत 1 से 1.5 लाख रुपये के बीच आंकी गई है।
एक ही दिन में दिनदहाड़े हुई इन दो बड़ी वारदातों से पूरे सीतापुर क्षेत्र में असुरक्षा और भय का माहौल बन गया है। स्थानीय निवासियों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) तुलसिंह पट्टावी ने बताया कि पीड़ितों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

