home page

चेन लूटने वाले दो आरोपित मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

 | 
चेन लूटने वाले दो आरोपित मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली


कानपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के काकादेव थाना क्षेत्र में चेन लूट की दो वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपितों को शनिवार रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि दोनों आरोपितों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई थी। जांच में सामने आया कि 28 जुलाई को कश्यप नगर में गोवई मंदिर के पास शीलू सिंह नाम की महिला से बाइक सवार बदमाशों ने उस वक्त चेन झपट ली थी, जब वह अपने जेठ के घर जा रही थीं। इस मामले में काकादेव थाने में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।

इसके बाद चार अगस्त को विजय नगर-काकादेव रोड पर कैलाश होटल के पास दूसरी वारदात हुई। नेहा त्रिपाठी अपने बेटे के साथ पैदल जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दोनों बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और विजय नगर की ओर भाग निकले। दोनों घटनाओं की जांच में सीसीटीवी फुटेज से एक ही बदमाशों के शामिल होने की जानकारी सामने आई।

डीसीपी पश्चिम ने बताया कि आज रात सर्विलांस की मदद से दोनों की लोकेशन काकादेव एल्डिको के पास मिली। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपितों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में औरैया के सहायल थाना क्षेत्र निवासी प्रशांत मिश्रा उर्फ मंगल के पैर में गोली लगी। वहीं दूसरे आरोपित आशु ठाकुर निवासी मनयपुर, थाना मंगलपुर, कानपुर देहात को पुलिस ने पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दोनों घटनाओं में लूटी गई सोने की चेन, 3,720 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। प्रशांत के पास से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी मिला। पुलिस के अनुसार प्रशांत के खिलाफ 12 मुकदमे, जबकि दूसरे आरोपित के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज हैं।

घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों ने इससे पहले भी चेन लूट या अन्य वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप