home page

बिहार भेजे जा रहे तीन गोवंश बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
बिहार भेजे जा रहे तीन गोवंश बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार


गोरखपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़हलगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान अवैध रूप से बिहार भेजे जाने की तैयारी में बांधकर रखे गए तीन गोवंश बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तस्कर गोवंश को घाघरा नदी के रास्ते नाव से बिहार ले जाने की तैयारी में थे। कार्रवाई के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामबेलास यादव उर्फ श्री बेलास पुत्र हरिहर यादव, निवासी ग्राम रामनगर डेरवा, थाना बड़हलगंज, गोरखपुर और छांगुर पुत्र गौरीशंकर, निवासी ग्राम नकीयहवा परसिया, थाना बरहज, जनपद देवरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर गोवंश को सुरक्षित कब्जे में लिया।

पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर की रात उपनिरीक्षक जय प्रकाश त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ पशु तस्करों ने अवैध रूप से ले जाए जा रहे गोवंश को बांधकर एक स्थान पर एकत्र कर रखा है। तस्करों की योजना इन गोवंश को घाघरा नदी के रास्ते नाव के जरिए बिहार पहुंचाने की थी।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू की। पुलिस की कार्रवाई से मौके पर मौजूद तस्करों में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके से दो आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी और जांच के दौरान वहां से तीन गोवंश बरामद हुए। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर दो अन्य आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

इस मामले में थाना बड़हलगंज में मु0अ0सं0 393/2026 के तहत धारा 3/5ए/8 उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी रामबेलास यादव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना बड़हलगंज में पूर्व में मु0अ0सं0 291/2026 में धारा 109(1), 110, 115(2), 131, 191(2), 191(3) भारतीय न्याय संहिता तथा मु0अ0सं0 551/2025 में धारा 115(2), 351(3) और 352 बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गोवंश को कहां से लाया गया था और तस्करी के इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

थाना प्रभारी ने रविवार काे बताया कि पशु तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय