मामूली कहासुनी में दो भाइयों को चाकू घोंपा, एक की माैत
नई दिल्ली, 24 जून (हि.स.)। बाहरी-उत्तरी दिल्ली के नरेला इलाके में मामूली कहासुनी के बाद 6-7 लड़कों ने मां और बाकी परिजनों के सामने ही दो सगे भाइयों को चाकू घोंप दिया। परिजनों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया तो आरोपितों ने परिवार पर पिस्टल तानकर गोली मारने की धमकी दी। चाकू के एक दर्जन से अधिक वार करने के बाद आरोपित फरार हो गए। गंभीर हालत में दोनों भाइयों को सत्यवादी राजा हरिशचंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां एक भाई को मृत घोषित कर दिया गया जबकि दूसरे की हालत नाजुक होने पर उसे एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान मोहम्मद मुस्तकीम (32) के रूप में हुई है। वहीं घायल मोहम्मद सुहेल (26) का अस्पताल में इलाज जारी है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा क्राइम टीम व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। बाद में नरेला थाना पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।
बाहरी-उत्तरी जिला के पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि मुस्तकीम अपने परिवार के साथ ए-6, पॉकेट-4, नरेला में रहता था। इसके परिवार में पिता मोहम्मद जलील के अलावा मां खातून, पांच भाई और तीन बहनें हैं। मुस्तकीम पत्नी और दो साल के बेटे के साथ बिहार में रहता है। करीब एक सप्ताह पहले ही वह उत्तम नगर में पुताई के काम के लिए आया था। दिल्ली आने के बाद वह अपने भाई सुहेल के साथ उत्तम नगर में ही काम कर रहा था। मंगलवार देर रात दोनों भाई उत्तम नगर से घर पहुंचे। खाना खाने के बाद सुहेल पास की दुकान से बीड़ी लेने के लिए चला गया। इस बीच उसका वहां खड़े कुछ लड़कों से झगड़ा हो गया। कहासुनी के दौरान आरोपितों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
सुहेल ने मुस्तकीम को कॉल कर मौके पर बुला लिया। मुस्तकीम अपने भाई को जख्मी हालत में घर पर ले जा रहा था। इस बीच तीन बाइकों पर सवार होकर 6-7 लड़के वहां पहुंचे। आते ही आरोपितों ने घर के सामने ही दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर परिजन घर से बाहर निकले तो आरोपी उन पर हमला कर रहे थे। मां खातून, भाभी रवीना व सुहेल की पत्नी हाजरा खातून व अन्यों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उन पर पिस्टल तानकर दूर खड़े रहने के लिए कहा। बदमाश परिवार को गोली मारने की धमकी देने लगे। बाद में आरोपितों ने परिवार के सामने ही दोनों पर चाकू से कई वार कर दिए। मुस्तकीम वहीं अचेत हो गया। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

