home page

मुरैना में जमीन विवाद में दो भाइयों की गोली मारकर हत्या, दो घायल, गांव में भारी पुलिस बल तैनात

 | 
मुरैना में जमीन विवाद में दो भाइयों की गोली मारकर हत्या, दो घायल, गांव में भारी पुलिस बल तैनात


मुरैना, 02 अगस्त (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सुमावली थाना क्षेत्र स्थित हटूंपुरा गांव में रविवार दोपहर जमीन विवाद लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। अंधाधुंध हुई फायरिंग में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिसके बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सुमावली थाना क्षेत्र के हटूंपुरा गांव में रविवार दोपहर करीब 12 बजे सरकारी जमीन पर कांटों की बाड़ लगाने की बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। बहस देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और एक पक्ष ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाना शुरू कर दिया। गोली लगने से राजवीर गुर्जर (42) और उनके छोटे भाई अजब सिंह उर्फ बंटू (30) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गोलीबारी की इस घटना में विकास गुर्जर और पप्पू उर्फ धीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।

8 नामजद समेत 6 अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप

मृतकों के परिजन रिंकू गुर्जर ने पुलिस को दिए बयान में नत्थो उर्फ नाथूराम, छोटे सिंह, सचिन, राहुल, बसुमित, सत्यपाल, लवकुश और गोलू सहित छह अज्ञात लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग करने और हत्या का आरोप लगाया है। घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद सभी आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।

गांव में पुलिस बल तैनात, आरोपियों की तलाश में जुटीं पुलिस

दिनदहाड़े हुई दोहरी हत्या की इस वारदात के बाद हटूंपुरा गांव में भारी तनाव का माहौल निर्मित हो गया है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुमावली थाना प्रभारी एसआई रवी गुर्जर ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत