दो भाईयों ने महिला से अलग-अलग दिनों में किया दुष्कर्म
हमीरपुर, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में विवाहिता से दो भाईयों ने चाकू की नोक पर अलग-अलग दिनों में दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया वहीं महिला पर चाकू से हमला घायल कर दिया। पीडिता ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
मौदहा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने कोतवाली में दिए शिकायती पत्र में बताया कि, वह रोजगार के सिलसिले में अपने परिवार सहित कई सालों से पडोसी गांव में किराये के मकान में रहती है। जब वह शौच के लिए जा रही थी तो गांव के संतोष पुत्र छिद्दू ने चाकू का भय दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि, उनके द्वारा आरोपित के पिता से शिकायत की गई तो उन्होंने अपने पुत्र को बाहर भेज दिया और आगे ऐसी घटना नहीं होने की बात कही। इतना ही नहीं पीड़िता ने बताया कि एक पखवारे के अंदर फिर जब वह शौच के लिए जा रही थी तभी आरोपित के भाई प्रमोद पुत्र छिददू ने चाकू से हमला का भय दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया जिससे उसके चाकू भी लग गया। पीड़िता ने बताया कि, आरोपित किसी को बताने या पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने रविवार काे बताया कि, मामला संज्ञान में है जांच की जा रही है जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

