राजीनामे के बहाने बुलाकर दो भाइयों पर चाकू से हमला
जयपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। विद्याधर नगर थाना इलाके में पुराने विवाद को लेकर सोमवार देर रात राजीनामे के लिए बुलाए गए दो भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस हमले में 22 वर्षीय शाकिर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसकी उपचार के दौरान सवाई मानसिंह अस्पताल में उसकी मौत हो गई। उसका बड़ा भाई कय्यूम (38) भी चाकू लगने से घायल हुआ है। शाकिर की करीब दस दिन पहले ही संतान हुई थी। वारदात के बाद इलाके में देर रात तक हंगामा रहा और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में चाकूबाजी से दहशत फैल गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कुछ युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपित भट्टा बस्ती निवासी रफीक की तलाश की जा रही है।
विद्याधर नगर थानाधिकारी सज्जन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच रविवार को शराब पीने के दौरान झगड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद भी चल रहा था। इसी विवाद को निपटाने और राजीनामे के लिए सोमवार रात कय्यूम को विद्याधर नगर मंदिर रोड स्थित मोड़ पर बुलाया गया था।
घायल कय्यूम के अनुसार वह पहले अकेला मौके पर पहुंचा था। वहां पांच-छह युवक मौजूद थे, जिनमें कुछ गाड़ियों पर बैठे थे। स्थिति को देखते हुए उसने अपने छोटे भाई शाकिर को भी मौके पर बुला लिया। दोनों के पहुंचने के बाद बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवकों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। शाकिर की जांघ पर चाकू से वार किया गया, जबकि कय्यूम को भी चाकू लगा।
हमले में शाकिर का काफी खून बह गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल ले जाया गया। शाकिर की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन रात करीब 2.30 बजे उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
एसीपी शास्त्री नगर दिलीप कुमार मीणा ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और चाकूबाजी में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसका पता जांच के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपिताें तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद सामने आया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

