छात्र-छात्राओं को स्मैक बेचने वाले दो भाई गिरफ्तार
नोएडा, 09 अक्टूबर (हि.स.)। थाना दादरी पुलिस ने गुरुवार की बीती रात को अवैध रूप से स्मैक बेचने वाले दो भाईयों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पुलिस ने 48.40 ग्राम स्मैक बरामद किया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि दोनों आरोपित दादरी क्षेत्र में स्थित कॉलेज और विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को मादक पदार्थ बेचते हैं।
थाना प्रभारी नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि बीती रात को एक सूचना के आधार पर थाना पुलिस ने कुलदीप और यशपाल को गिरफ्तार किया है।दोनों की उम्र 21 और 22 वर्ष है। इन बदमाशों के पास से पुलिस ने 48.40 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि दोनों सगे भाई हैं। ये लोग दादरी क्षेत्र में स्थित विश्वविद्यालय और कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अवैध रूप से स्मैक सप्लाई करते हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लेकर आते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

