home page

डॉक्टर से दिखाने पहुंचे युवक पर हमला, ईंट लगने से सिर फटा; दो घायल

 | 
डॉक्टर से दिखाने पहुंचे युवक पर हमला, ईंट लगने से सिर फटा; दो घायल


नवादा, 28 मई (हि.स.)। नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के सोहदा गांव में गुरुवार को पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में ईंट-पत्थर चलने से दो लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक प्रवीण कुमार का सिर फट गया, जिसे अनुमंडलीय अस्पताल रजौली में प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल नवादा रेफर कर दिया गया।

बताया जाता है कि प्रवीण कुमार अपने मामी को, डॉक्टर से दिखाने के लिए बाइक से मझिला गांव से सोहदा स्थित ननिहाल पहुंचे थे। इसी दौरान गांव की लालो देवी एवं अन्य लोगों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि प्रवीण जैसे ही घर के पास पहुंचे, उसी समय लालो देवी ने घर की छत से बड़ा ईंट फेंक दिया, जो सीधे प्रवीण के सिर पर जा लगा। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल प्रवीण को अनुमंडलीय अस्पताल रजौली पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर नीतीश कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर रहने के कारण डॉक्टरों ने नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। यहां से पटना मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।

प्रवीण के नाना राम अवतार प्रसाद यादव ने बताया कि रास्ते का कोई विवाद नहीं था। उनका कहना है कि पुरानी दुश्मनी के कारण जानबूझकर हमला किया गया। वहीं दूसरी ओर लालो देवी ने रास्ता विवाद बताते हुए अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया। घटना में लालो देवी भी मामूली रूप से घायल हुई हैं।

सूचना मिलने पर रजौली थाना की 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन